दुर्ग। बोरीगारका से कातरो मार्ग में किए गए सड़क निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस मार्ग में सिंचाई नाला होने के बावजूद पुल का निर्माण नहीं किया गया, बल्कि केवल पाइप डालकर सड़क बना दी गई है, जो तकनीकी दृष्टि से त्रुटिपूर्ण एवं पूरी तरह अनुपयुक्त है। इससे जल निकासी बाधित होने और कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका गहरा गई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के किसानों द्वारा 18 मार्च 2026 एवं 25 मार्च 2026 को पूर्व में भी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। साथ ही जल संसाधन विभाग द्वारा भी पुल निर्माण हेतु पत्र जारी किया गया था, किंतु लोक निर्माण विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। उक्त मामले को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेसजनों एवं किसानों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर कलेक्टर दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपा और तत्काल पुल निर्माण की मांग रखी। लोक निर्माण विभाग के कार्यालय घेराव एवं प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया, जिसमें कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग दुर्ग द्वारा लिखित में आश्वासन दिया गया कि उक्त स्थल पर पक्का पुल निर्माण कार्य जून 2026 तक पूर्ण करवा लिया जाएगा।
इस लापरवाही के चलते लगभग 1000 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस पूरे मामले को लेकर किसानों एवं आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें विस्तारपूर्वक रखी गईं थी।
जिसमे बोरीगारका–कातरो मार्ग में स्थित सिंचाई नाला स्थल पर तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता का स्थायी पक्का पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए साथ ही उक्त सड़क निर्माण कार्य की संपूर्ण प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा तकनीकी नियमों की अनदेखी करने वाले दोषी अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
इस पूरे मामले को लेकर मंडल अध्यक्ष मचांदुर एवं जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी लगातार संघर्षरत थे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि “यह किसानों के हितों से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। प्रशासन द्वारा जून 2026 तक पुल निर्माण का दिया गया लिखित आश्वासन स्वागत योग्य है, लेकिन यदि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, उपाध्यक्ष शमशीर कुरैशी, महामंत्री राम सुर्यवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, कार्यालय प्रभारी जयप्रकाश साहू चुम्मन यादव, झमित गायकवाड़, पुष्पा साहू, डिकेंद्र हिरवानी, तोषण साहू, द्वारिका साहू, लुकेश्वरी यादव, सुरता सिंह, शुभम बंभोले, मुन्ना पांडेय, गिरीश साहू, नीलाम्बर साहू, मोहित वालदे, किशन गजपाल, छन्नू गजपाल, शती बघेल, इंद्रकुमार यादव, राम लाल, लीमेश्वर, जानकी, चंद्रमणि, भुनेश्वरी, योगेश्वरी, मनोहर सोनबेर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।





