डुंडेरा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व सम्मान समारोह का हुआ आयोजन, विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाएं हुई सम्मानित
उतई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम डुंडेरा में महिला दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू तथा विशेष अतिथि के रूप में अजय कल्याणी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे द्वारा किया गया था।
समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने उपस्थित महिलाओं को महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का समय महिलाओं के सशक्तिकरण का समय है और महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। पूर्व गृहमंत्री साहू ने आगे कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण पर निर्भर करती है। जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है तो परिवार के साथ-साथ पूरा समाज मजबूत बनता है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, मातृशक्ति का सम्मान करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके कार्यों को प्रोत्साहन देने का एक छोटा प्रयास है, कार्यक्रम को कल्याणी वूमेन विग के संस्थापक अजय कल्याणी ने भी संबोधित किया और नशामुक्ति पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से ग्राम में विभिन्न क्षेत्रों में सेवा दे रही मातृशक्ति का सम्मान किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाएं हुई सम्मानित
स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देने के लिए सीनियर एएनएम ललिता चौधरी, दीपिका साहू तथा गायत्री भारती को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार क्षेत्र में सेवा दे रही महिला पुलिस कर्मियों को भी उनके कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा सम्मानित पोस्टमास्टर तेजेश्वरी वैष्णव को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम में सेवा दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कल्याणी विंग तथा महिला स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मान देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। महिला दिवस के अवसर पर पूर्व गृहमंत्री श्री साहू ने मितानिन भवन के संचालन के लिए मितानिनों को कुर्सी प्रदान की एवँ उपस्थित सभी महिलाओं को उपहार भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन कांति विश्वकर्मा व आभार आरती चन्द्राकर ने की।
इस दौरान आरती साहू, कांति विश्वकर्मा, नारायणी साहू, सरोज साहू, चंद्रकला टंडन, शिवकली क्षत्री, किरण ठाकुर, वेदकुमारी, बेदिया, प्रमिला साहू, ममता साहू, सुनीता देवांगन, अनपूर्णा, हेमलता साहू, विना यादव, तुलसी साहू, पुष्पा बंजारे, ममता साहू, टीलेश्वरी यादव, प्रतिमा नायक, जमुना, लक्ष्मी साहू सहित भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।





