अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं महिला सम्मान समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर
उतई। मंगल भवन उतई में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला दुर्ग द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं महतारी वंदन सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर सम्मिलित हुए। इस अवसर पर महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं रंगोली का निरीक्षण किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने सुख, समृद्धि एवं जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की कामना करते हुए कहा कि नारी शक्ति, मातृ शक्ति का सम्मान व चेतना जागृत करने के लिए आज पूरी दुनिया में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन हो रहा है। उन्होंने अपने परिवार में अपनी माता एवं महिलाओं द्वारा मिले संस्कारों एवं अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि चूॅकि मॉं बच्चें की प्रथम पाठशाला एवं शिक्षिका होती है, जिस घर में महिलाओं द्वारा बच्चों को अच्छा संस्कार दिया जाता है वह परिवार विचारवान, संस्कारवार एवं समृद्धवान होता है।
आगे विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कहा कि हमारी संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है और जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का निवास होता है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं घरों तक सीमित रहती थीं, लेकिन आज प्रदेश की महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में माताओं-बहनों की बड़ी भूमिका होगी। आज महिलाएं गांवों में सेंट्रिंग प्लेट उपलब्ध कराने से लेकर ड्रोन उड़ाने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। एक नारी शिक्षित होती है तो दो परिवार और पूरा समाज शिक्षित होता है।
इस दौरान प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, उतई नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, जिला पंचायत सभापति श्रद्धा साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन, पार्षद संगीत रजक, लता सोनवानी, विजय लक्ष्मी साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष झमीत गायकवाड़, परियोजना अधिकारी उषा झा, तहसीलदार क्षमा यदु, कृषि वैज्ञानिक डॉ निशा शर्मा, डॉ ज्योति ध्रुव सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित रहे।





