दुर्ग। दुर्ग जिले में मंत्रालय और अन्य विभागों में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला पदमनाभपुर थाना क्षेत्र का है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बोरीगारका निवासी रविकांत साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रिया देशमुख और प्रशांत कुमार देशमुख ने मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। इसके एवज में अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। जब मंत्रालय में नियुक्ति नहीं हुई तो आरोपियों ने एनटीपीसी में एई पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और इसी बहाने और पैसे वसूल लिए।
कुल 10 लाख रुपए लेने के बाद आरोपियों ने ई-मेल के जरिए एनटीपीसी का फर्जी नियुक्ति पत्र भेज दिया। कुछ समय बाद जॉइनिंग प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने पर पीड़ित को संदेह हुआ। जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी निकला, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 28 फरवरी 2026 को प्रिया देशमुख (36) को गिरफ्तार किया। वहीं 1 मार्च 2026 को सह-आरोपी प्रशांत कुमार देशमुख (49) को भी हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र की ई-मेल प्रिंट कॉपी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपियों ने अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की है।





