देव विहार कालोनी धनोरा का मामला, रहवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दुर्ग। ग्राम पंचायत धनोरा से गुजर रही भारतमाला परियोजना की सड़क के कारण देव विहार कॉलोनी और आसपास के किसानों का मुख्य पहुंच मार्ग बाधित होने का खतरा पैदा हो गया है। कॉलोनी से होकर गुजरने वाला यह एकमात्र मार्ग स्कूल, ड्यूटी और खेत तक आने-जाने का प्रमुख रास्ता है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग बंद हुआ, तो वे अपने ही घरों में कैद होकर रह जाएंगे। इसकी जानकारी जब जिला पंचायत सदस्य व उद्योग व सहकारिता समिति की सभापति श्रीमती श्रद्धा पुरेन्द्र साहू को हुई तो उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी स्थिति में देव बिहार कालोनी का मार्ग बंद नहीं होने देंगे। स्थानीय नागरिकों ने बताया की वर्ष 2017 में उन्हें बताया गया था कि सड़क निर्माण के दौरान कॉलोनी के पास फ्लाईओवर बनेगा। जिससे आवाजाही प्रभावित नहीं होगी। लेकिन चार दिन पहले इंजीनियरों ने जानकारी दी है कि सड़क कार्य के चलते यह मार्ग बंद किया जाएगा।कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन- देव विहार और धनोरा के ग्रामीणों ने संयुक्त हस्ताक्षरों के साथ कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि एपीएस स्कूल के पास बने लगभग 100 मकानों में रहने वाले लोग बीते 80 वर्षों से इसी मार्ग का उपयोग खेत तक जाने, फसल लाने और दैनिक आवागमन के लिए करते हैं। दूसरा कोई वैकल्पिक मार्ग मौजूद नहीं है। अगर उनका आने जाने का सड़क मार्ग बंद किया जायेगा तो आंदोलन हेतु बाध्य होगे। जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।





