दुर्ग। शहर के पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में कार को रास्ता देने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनिल साहू जिला अस्पताल दुर्ग में इंटर्नशिप कर रहा है। उसने शिकायत में बताया कि 4 मार्च की शाम करीब 4 बजे वह अपने भाई दीपेश साहू के साथ पार्किंग से अपनी कार निकाल रहा था। उसी समय कॉलोनी निवासी अंकुश शर्मा अपनी कार लेकर वहां पहुंचे और उनकी कार के सामने ही गाड़ी खड़ी कर दी। अनिल साहू के अनुसार, जब उन्होंने अंकुश शर्मा से गाड़ी हटाने को कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर नशे की हालत में जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अंकुश शर्मा की पत्नी काजल शर्मा भी मौके पर पहुंच गईं और दोनों ने मिलकर मारपीट की। इस घटना में अनिल साहू के सिर में चोट आई तथा उनकी कार के पीछे का कांच भी क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से काजल शर्मा, निवासी आनंद विहार फेस-2, पोटिया चौक, ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। काजल शर्मा, जो पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं, ने बताया कि 4 मार्च की शाम उनके पति अंकुश शर्मा ड्यूटी से कार से घर लौट रहे थे। जब वे आनंद विहार फेस-2 बी ब्लॉक के पास पहुंचे तो वहां अनिल साहू, दीपेश साहू और अन्य लोग सड़क पर शोर-शराबा कर रहे थे। काजल शर्मा के अनुसार, उनके पति ने कार निकालने के लिए रास्ता देने को कहा तो सामने वाले पक्ष ने नशे की हालत में गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उनके पति कार से उतरकर समझाने लगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची काजल शर्मा के साथ भी मारपीट की गई।
पदमनाभपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”





