पाटन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं “महंगाई बचाओ संघर्ष” अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम कार्यक्रम का आयोजन बजरंग चौक सेलूद में ब्लॉक कांग्रेस पाटन एवं जामगांव द्वारा किया गया।
कांग्रेस पार्टी द्वारा बढ़ती महंगाई एवं किसानों की समस्याओं को लेकर किए गए सांकेतिक चक्काजाम के दौरान भाजपा के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को भी जाम का सामना करना पड़ा। चक्काजाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा, जिससे विधायक को रास्ते में रुकना पड़ा।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, किसानों की धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग तथा आम जनता की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया गया। कांग्रेसजनों ने गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अहिंसात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई से त्रस्त है, किसान अपनी उपज को लेकर परेशान हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सांकेतिक चक्काजाम के बाद नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।
मौके पर मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व सीएम के ओएसडी आशीष वर्मा, पाटन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साहू, जामगांव आर अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, जयश्री वर्मा, अजय सिंगौर, पुरुषोत्तम तिवारी, उमेश साहू, उमाकांत साहू, अश्वनी साहू, खिलेश मार्कण्डेय, उमाकांत चंद्राकर, छोटू बघेल, गिरधर साहू, राकेश साहू, जीवधन ठाकुर, लोचन यादव, अजय राजपूत, ममता रवि पटेल, विष्णु चंद्राकर, ख़ेमीन ओगरे, देवला साहू सहित कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





