पाटन। ग्राम जामगांव (एम) स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज के बायोगैस प्लांट द्वारा किसानों से पैरा मुफ्त में उठाए जाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। किसानों का आरोप है कि कंपनी बिना किसी भुगतान के पैरा लेकर उससे गैस निर्माण कर रही है और मुनाफा कमा रही है, जो किसानों के साथ सीधा अन्याय है।
इस संबंध में भाजपा उत्तर मंडल पाटन के पूर्व अध्यक्ष लोकमणी चंद्राकर के नेतृत्व में किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पाटन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि किसान कड़ी मेहनत से धान की फसल तैयार करता है और कटाई के बाद पैरा पशुओं के चारे के रूप में उपयोग होता है। बायोगैस प्लांट की स्थापना के बाद किसानों को उम्मीद थी कि पैरा का भी उचित मूल्य मिलेगा, लेकिन कंपनी द्वारा पैरा मुफ्त में उठाया जाना किसानों के साथ धोखा है।
किसानों ने मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर पैरा का उचित मूल्य निर्धारित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में न्याय नहीं मिला तो आठवें दिन बायोगैस प्लांट में तालाबंदी की जाएगी। किसानों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में उनका शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और प्रशासन से शीघ्र व ठोस कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर उत्तर पाटन के पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकमणि चंद्राकर, मध्य पाटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष खेमलाल साहू, जिला भाजपा उपाध्यक्ष हर्षा चंद्राकर, जय नारायण वर्मा, दुष्यंत शर्मा, सरपंच राजू साहू, महेंद्र वर्मा, सरपंच कृष्णा हरबंश, हरि शंकर साहू, कमलनारायण वर्मा, रमाकांत यादव, लीलाराम चंद्राकर, हेमंत कुमार सेन, राकेश चंद्राकर, चंचल यादव, अखिल चंद्राकर, तोरण नेताम, सरपंच राकेश कुमार साहू, मनीष कोसले सहित अनेक किसान प्रमुख रूप से उपस्थित थे।





