दुर्ग। छत्तीसगढ़ में 15 नवम्बर से धान खरीदी शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही प्रदेशभर के सहकारी समिति कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। एक ओर सरकार धान खरीदी की तैयारी में जुटी है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है।
दुर्ग में मानस भवन के पास संभाग स्तर पर हजारों समिति कर्मचारी एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि अगर समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान किया गया होता तो उन्हें सड़कों पर उतरने की नौबत नहीं आती।
उनका आरोप है कि धान उठाव में देरी के बावजूद जिम्मेदारी समिति कर्मचारियों पर डाल दी जाती है। साथ ही उनका कहना है कि उन्हें वेतनमान बहुत कम मिलता है और सेवा सुरक्षा की गारंटी भी नहीं है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो हड़ताल जारी रहेगी, जिससे आगामी धान खरीदी पर असर पड़ सकता है।





