महाअष्टमी पर हुआ हवन-पूजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद; सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ किया ज्योति-जंवारा विसर्जन
धनोरा, दुर्ग। बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में मनोकामना ज्योति विसर्जन के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माता रानी के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर ज्योति-जंवारा धारण कर भाग लिया, वहीं श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लेकर माता रानी का जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे।
दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने बताया कि सोमवार, 19 तारीख को शाम 4 बजे महाअष्टमी के अवसर पर हवन-पूजन का आयोजन किया गया। हवन श्री लक्ष्मण बाबा जी एवं पंडित विनय शर्मा के द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस दौरान माता रानी से देश, गांव और समस्त भक्तों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की गई। हवन के पश्चात दरबार में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे माता रानी की मूर्ति का भ्रमण कराया गया, जिसके बाद खनती तालाब में विसर्जन किया गया। इसके पश्चात शाम 4 बजे बाबा दरबार से ज्योति विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहनकर सिर पर ज्योति-जंवारा धारण किए हुए चल रही थीं। वहीं भोलू साहू एवं गज्जू रायपुरीहा खप्पर लेकर आगे-आगे चल रहे थे। गुलाब साहू, हेमंत साहू एवं भजन मंडली के सदस्य माता सेवा के भजनों की प्रस्तुति देते हुए शोभायात्रा के साथ चल रहे थे।
शोभायात्रा के दौरान गांव के विभिन्न चौक-चौराहों पर ज्योति-जंवारा की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लेकर माता रानी के जयकारे लगाते रहे। गांव के पारंपरिक तीन रंगों—लाल, काला और सफेद—के ध्वज भी शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे। ज्योति-जंवारा के साथ नंद पंडा, श्री लक्ष्मण बाबा जी, खिलेश्वर साहू, राजू यादव, मनसुखा साहू एवं मनोज पटेल सहित अनेक श्रद्धालु चल रहे थे। शोभायात्रा को देखने के लिए पूरे गांव के लोग उमड़ पड़े।
विभिन्न मार्गों से होते हुए पहुंची शोभायात्रा
बाबा दरबार से प्रारंभ हुई शोभायात्रा बजरंग पारा, बाजार चौक, मेन गली एवं शीतला पारा होते हुए शीतला तालाब पहुंची। यहां विधि-विधान से पुनः पूजा-अर्चना करने के बाद ज्योति विसर्जन किया गया। इसके पश्चात मां शीतला मंदिर में खप्पर स्थापित कर सभी के अमन-चैन, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए माता रानी से हाथ जोड़कर प्रार्थना की गई।
ये रहे उपस्थित
इस धार्मिक आयोजन में विनोद कुमार साहू, नंद पंडा, मनोज पटेल, जीवराखन ठेकेदार, बाबूलाल साहू, सुनील सपरे, वासुदेव सपरे, पूर्व उपसरपंच कुंभकरण पटेल, दिनेश यादव, राजेश चंदाकर, एम. लाल देवांगन, कल्याण देवांगन, रोशन साहू, डॉ. धनेश्वर साहू, राजू देशमुख, बबलू साहू, मुकुल पटेल, मुन्ना गंधर्व, श्रीमती बबीता साहू, श्रीमती ललिता यादव, सुनीता साहू, मितानिन देव, हितेश पटेल, लक्ष्मी साहू, मंजू साहू, संगीता सपरे, उपसरपंच योगेश साहू, तोमन गजपाल, उमेश साहू एवं पुनीत यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





