भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में हमर क्लीनिक में पदस्थ एक स्टाफ नर्स ने अस्पताल परिसर में ही फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर की है। जहां हमर क्लीनिक के ऊपर कमरे में स्टाफ नर्स की लाश फंदे पर झुलते हुए मिली। मृत नर्स की पहचान अहिवारा निवासी नेहा महिलांग के रूप में हुई है। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार स्टाफ नर्स नेहा घासीदास नगर, जामुल में किराए के कमरे में रहती थी। घटना की सूचना मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वह पिछले करीब पांच साल से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थी।
पुलिस ने पीएम के लिए भेजा शव
जामुल थाना पुलिस ने स्टाफ नर्स नेहा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। परिजनों का कहना है कि वह अपने जॉब से खुश थी। किसी तरह के तनाव की उन्हें जानकारी नहीं है।
पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
घटना की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नेहा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और घटना से पहले क्या हुआ था। पुलिस उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और बातचीत के साथ-साथ आसपास की परिस्थितियों की भी जांच कर सकती है। इसके अलावा हमर क्लीनिक में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा सकती है।





