धनोरा (दुर्ग)। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने और ग्रामीणों को कीचड़ व बदहाली से निजात दिलाने की दिशा में ग्राम पंचायत धनोरा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। धनोरा के मातृ छाया नगर (वार्ड क्रमांक 8) में बहुप्रतीक्षित सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। 15वें पंचायत वित्त आयोग की निधि से स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया।
नारियल फोड़कर हुआ सीसी रोड का शुभारंभ
सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती रूलेश्वरी चंद्रशेखर बंजारे एवं वार्ड पंचों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन की रस्में पूरी की गईं और नारियल तोड़कर कार्य की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती रूलेश्वरी बंजारे ने कहा कि ग्रामीणों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह हमारी पहली प्राथमिकता है। 15वें वित्त आयोग की राशि से बनने वाली यह सीसी रोड वार्ड वासियों को सालों पुरानी कीचड़ और जलभराव की समस्या से मुक्ति दिलाएगी। गुणवत्ता से समझौता किए बिना इस सड़क का निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह
लंबे समय से इस मार्ग के पक्कीकरण की मांग कर रहे वार्ड वासियों में इस भूमि पूजन के बाद भारी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इसके लिए ग्राम पंचायत प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सरपंच रुलेश्वरी चंद्रशेखर बंजारे, वार्ड पंच श्रीमती संतोषी मारकंडे, श्रीमती संगीता सप्रे, मनेश कुमार साहू, मोतीलाल साहू, दिनेश सूर्यकांत कोसरे, चेतन साहू, श्रीमती ममता साहू, श्रीमती उषा साहू, रेखा मधुकर, श्रीमती सीमा मधुकर, श्रीमती रेखा टंडन, केशवरी साहू, श्रीमती रामप्यारी ठाकुर, युवराज साहू, मोहित चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में मातृ छाया नगर के वार्ड वासी उपस्थित रहे।





