भिलाई : भिलाई इस्पात संयंत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक ठेका मजदूर की सड़क हादसे में जान चली गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार रात प्लांट परिसर के अंदर रेल मिल क्षेत्र के जीरो कार्बाइड मोड़ के पास हुआ। खुर्सीपार निवासी 55 वर्षीय गोमती प्रसाद साहनी साइकिल से अपने काम पर जा रहे थे, तभी एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि CG 04 OM 7139 नंबर का ट्रक रेल पटरी लोड करने के लिए शिपिंग एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ लेते समय साइकिल सवार मजदूर ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि गोमती प्रसाद अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी एक छोटी बेटी है, जिसकी पढ़ाई चल रही है। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने परिवार की मदद का भरोसा दिया है। प्रबंधन ने मृतक की बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने, मुआवजा देने और पत्नी को नौकरी देने की घोषणा की है।
वहीं, भट्टी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





