भिलाई। भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व पर मायके आई एक महिला पर उसी के मोहल्ले के नशेड़ी युवक ने कटर से हमला कर दिया। युवक ने मोहल्ले में ही महिला पर एक दो नहीं बल्कि चार बार कटर से हमला किया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपी युवक को पुलिस ने घटना के बाद बालोद से गिरफ्तार किया है।
गाली देने को लेकर हुआ था विवाद
नेवई थाना प्रभारी अनिल साहू ने बताया कि रविवार शाम को महिला और युवक के बीच गाली देने को लेकर विवाद हो गया था। तैश में आकर आरोपी तीस वर्षीय युवक ने महिला पर कटर से हमला कर दिया। पीडि़ता और आरोपी दोनों इंदिरा नगर के एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था। जिसे देर रात बालोद से पकड़ा गया है।
बदला लेने की नीयत से किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक नशेड़ी है। महिला ने उसे किसी बात को लेकर गाली दे दिया था। जिसके बाद आरोपी ने बदला लेने की नीयत से उस पर हमला किया। महिला के पीठ, हाथ और सीने पर कटर मार दिया। महिला के परिजनों की शिकायत के बाद तुरंत पुलिस एक्शन में आई और आरोपी को दबोच लिया।





