शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरपोटी में आयोजित हुआ वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह
शाला परिवार में 12 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित प्रार्थना डोमशेड का विधिवत् पूजा अर्चना कर शाला परिवार को समर्पित किया
उतई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरपोटी में आयोजित वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण तथा डोमशेड लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मेधावी एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुपम प्रस्तुति प्रदान की। इस अवसर पर अतिथियों ने शाला परिवार में 12 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित प्रार्थना डोमशेड का विधिवत् पूजा अर्चना कर शाला परिवार को समर्पित किया।
श्री चंद्राकर ने विद्यालय के होनहार छात्र पीयूष साहू को साइकिलिंग में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए जूनियर ग्रुप में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल करने पर उसे सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि सफल जीवन का मार्ग है। सामाजिक विकास का मूलमंत्र शिक्षा है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार, कृषि या कोई अन्य क्षेत्र, प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के लिए शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि आज शाला परिसर में बच्चों के सुविधा के लिए डोमशेड बनाए है। बच्चे उसका उपयोग करेंगे बारिश, धूप सबमें सुविधा मिलेगी। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मूलमंत्र है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। उनके मार्गदर्शन में हमारी सरकार पिछले 22 महीनों से सभी वर्गों के कल्याण के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है। हमने अन्नदाताओं के हित में कृषक उन्नति योजना, पक्का मकान देने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों को सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना, तथा दूरस्थ अंचलों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे कदम उठाए हैं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू, जनपद पंचायत सदस्य झमित गायकवाड़, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल साहू, सरपंच विजेन्द्र साहू, करगाडीह सरपंच करन सेन, उमरपोटी पूर्व सरपंच टिकेन्द्र ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि हरिशंकर राव एवं योगेश सोनेक्षी, विधायक प्रतिनिधि छगन लाल बंजारे, संतोष साहू, रेवती ठाकुर, खेमन देवांगन, कमल सिंह गायकवाड़, छाया पार्षद गौवकरण माण्डले, युवा कार्यकर्ता श्रवण, समाजसेवी लोकनाथ एवं कमल जीत, प्राचार्य कीर्ति, प्रधान पाठक कल्पना देवांगन, सांवत राम साहू, विजय शंकर डहरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल रहे।





